कुशेश्वरस्थान धाम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने किया रुद्राभिषेक, विकसित बिहार के लिए मांगा आशीर्वाद

 
Bihar Politics News: प्रेम कुमार ने रविवार को सपरिवार कुशेश्वर अस्थान शिव टेम्पल पहुंचकर भगवान शिव का रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्य की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

पूजा के बाद उन्होंने कहा कि हर जनप्रतिनिधि की यही कामना है कि बिहार तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़े और देश की तरक्की में राज्य की भागीदारी और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग मेहनती होते हैं और देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के मंत्री और जनप्रतिनिधि लगातार बिहार के विकास के लिए प्रयास कर रहे हैं। साथ ही आध्यात्मिक आस्था और दैवीय आशीर्वाद के सहारे विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

इस मौके पर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पिछले कई वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश को आगे बढ़ा रही है, जिसका लाभ बिहार को भी मिल रहा है। वहीं नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में बीते दो दशकों में विकास की नई इबारत लिखी गई है।

उन्होंने कहा कि आज बिहार की बेटियां भी शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि भगवान शिव की कृपा से बिहार विकास के नए आयाम छुएगा और राज्य की जनता की खुशहाली और समृद्धि का सपना जरूर पूरा होगा।