Bankipur Election: बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने नामांकन लिया वापस, उपचुनाव से हटने का किया ऐलान

 

Political News: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। नामांकन दाखिल करने के महज एक दिन बाद उनके इस फैसले ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।  

जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार बंटी ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करते हुए अपना नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी कर ली। उन्होंने बताया कि पारिवारिक कारणों से उन्होंने यह निर्णय लिया है। हालांकि भाजपा की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।  

बांकीपुर सीट को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। पार्टी ने हाल ही में अभिषेक कुमार बंटी को उम्मीदवार घोषित किया था और उन्होंने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया था। ऐसे में अचानक चुनावी मैदान से हटने के फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।  

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भाजपा इस सीट पर आगे क्या रणनीति अपनाएगी। राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। उधर, विपक्षी दल भी इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।  

बांकीपुर उपचुनाव पहले से ही भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा था। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार के अचानक चुनावी मैदान से हटने से मुकाबले के राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। अब सभी की निगाहें भाजपा के अगले कदम और चुनाव आयोग की आगे की प्रक्रिया पर टिकी हैं।