बांकीपुर उपचुनाव: BJP प्रत्याशी अभिषेक ‘बंटी’ ने भरा नामांकन, माता-पिता का आशीर्वाद लेकर चुनावी रण में उतरे
Bihar political news: पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव का चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्म हो चुका है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने पूरे उत्साह और शक्ति प्रदर्शन के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा।
इसके बाद भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के काफिले के साथ अभिषेक गांधी मैदान स्थित समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने नामांकन को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
नामांकन से पहले अभिषेक कुमार ने भावुक अंदाज में अपने माता-पिता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने घर से निकलने से पहले मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और पिता का आशीर्वाद प्राप्त किया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने लिखा कि माता-पिता का त्याग, स्नेह और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे जीवनभर इसके लिए ऋणी रहेंगे।
बांकीपुर सीट पर यह उपचुनाव भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद हो रहा है। इस सीट पर 13 जुलाई तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी, जबकि 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राजनीतिक दृष्टि से बांकीपुर सीट भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है। वर्ष 1995 से यह सीट लगातार भाजपा के कब्जे में रही है। पहले नवीन प्रसाद यहां से विधायक रहे, जबकि उनके निधन के बाद 2006 से नितिन नवीन लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे। अब पार्टी ने उनके उत्तराधिकारी के तौर पर अभिषेक कुमार पर भरोसा जताया है।
कायस्थ समाज से आने वाले अभिषेक कुमार पिछले करीब 26 वर्षों से भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े हैं। उन्होंने बूथ स्तर से संगठन में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और मंडल, महानगर तथा प्रदेश स्तर पर कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वर्तमान में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनका संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में सक्रिय जनसंपर्क चुनाव में भाजपा के लिए मजबूत आधार साबित होगा।
राजद और जन सुराज भी मैदान में
बांकीपुर उपचुनाव में मुकाबला अब त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है। राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा कुमारी गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने भी अपना नामांकन दाखिल करने की तैयारी पूरी कर ली है। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 11 जुलाई को नामांकन करेंगे। ऐसे में राजधानी की इस प्रतिष्ठित सीट पर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है और सभी दलों ने चुनाव प्रचार को तेज कर दिया है।