बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर पर संजय जायसवाल का बड़ा हमला, बोले- ‘चरवाहा बनकर आए हैं, चरकर लौट जाएंगे’

 

 

Bihar political news: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में पश्चिम चंपारण के बेतिया पहुंचे भाजपा सांसद एवं लोकसभा के सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोलते हुए कई विवादित टिप्पणियां कीं। उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है।

डॉ. जायसवाल ने कहा कि “प्रशांत किशोर चरवाहा टाइप बनकर बिहार आए हैं और चरकर वापस चले जाएंगे।” उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी और एनडीए पहले से भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगा।

81 हजार वोटों से जीत का दावा

भाजपा सांसद ने पिछले विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी ने बांकीपुर सीट पर 51 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। उनका दावा है कि इस बार जनता का समर्थन और अधिक मजबूत है तथा भाजपा 81 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

‘वोट जनता देगी, मीडिया नहीं’

मीडिया में चल रही चुनावी चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र में फैसला जनता करती है, मीडिया नहीं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के मतदाता पूरी तरह जागरूक हैं और विकास के मुद्दे पर एक बार फिर कमल के निशान के पक्ष में मतदान करेंगे।

नंदकिशोर राम ने भी जताया जीत का भरोसा

उधर, बिहार सरकार के डेयरी, पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने भी बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि इस सीट पर गठबंधन की जीत तय है और विपक्ष के पास कोई मजबूत आधार नहीं है।

फिल्मी अंदाज में विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा, “जो बीत गया वो दौर नहीं आएगा, और एनडीए के अलावा भारत में कोई और नहीं आएगा।”

प्रतिष्ठा की सीट बना बांकीपुर उपचुनाव

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। लगातार हो रही बयानबाजी से साफ है कि यह सीट एनडीए के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन चुकी है। वहीं, विपक्ष भी चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक रहा है।

अब सभी की नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर है, जहां यह तय होगा कि बांकीपुर की जनता किसके दावों पर अपनी मुहर लगाती है।