‘Beat The Heat’ कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन पर गंभीर चर्चा, अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जलवायु परिवर्तन को मानव अस्तित्व की सबसे बड़ी चुनौती बताया

Patna: उन्होंने कहा कि “Beat The Heat” केवल गर्मी से बचाव का संदेश नहीं देता, बल्कि यह जलवायु परिवर्तन के विरुद्ध सामूहिक चेतना और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है. डॉ. प्रेम कुमार ने जोर देते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं.
 

Patna: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन स्थित ऑडिटोरियम में Beat The Heat कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम खुशीग्राम फाउंडेशन एवं रेडियंस मीडिया के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 05 जून 2026 को अपराह्न 05:00 बजे संपन्न हुआ.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती से जूझ रही है. बढ़ता तापमान, भीषण गर्मी, अनियमित वर्षा, जल संकट और प्राकृतिक आपदाओं की बढ़ती घटनाएँ इस बात का संकेत हैं कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना अब केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व का प्रश्न बन चुका है.

उन्होंने कहा कि “Beat The Heat” केवल गर्मी से बचाव का संदेश नहीं देता, बल्कि यह जलवायु परिवर्तन के विरुद्ध सामूहिक चेतना और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है. डॉ. प्रेम कुमार ने जोर देते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं. यदि समय रहते सही दिशा में कदम उठाए जाएँ, तो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, हरित और समृद्ध भविष्य दिया जा सकता है.

इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष ने उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई. कार्यक्रम के दौरान मुख्य वन संरक्षक डॉ. प्रभात चंद्र गुप्ता ने वृक्षों की भूमिका और तापमान वृद्धि से जुड़े विषयों पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया.

वहीं बिहार राज्य जैव विविधता परिषद के अध्यक्ष श्री भारत ज्योति ने पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के महत्व पर अपने विचार साझा किए. कार्यक्रम में बिहार विधान सभा के माननीय उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र नारायण यादव, सदस्यगण श्री राजकुमार राय, श्री रोमित कुमार, श्रीमती अनीता, श्रीमती छोटी कुमारी, श्रीमती सोनम रानी, पटना जू के निदेशक श्री हेमंत पाटिल, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद के पदाधिकारी, विधानसभा सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़े स्वयंसेवक उपस्थित रहे. कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया.