PM मोदी के बिहार आगमन से पहले नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे CM सम्राट, कल नरेंद्र मोदी के हाथों होना है नीतीश सेतु का उद्घाटन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु के लोकार्पण समारोह पर चर्चा करने उनके सरकारी आवास पहुंचे।
नीतीश कुमार स्वयं दरवाजे पर खड़े होकर मुख्यमंत्री का स्वागत करते नजर आए। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। मौके पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को इस छह लेन पुल का लोकार्पण करेंगे। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को पूरी जानकारी दी। नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की आगवानी में पहुंचेंगे।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा 21 नवंबर को जनता को समर्पित किए जाने वाले नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जब नीतीश कुमार के आवास पहुंचे तो पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद आगे बढ़कर उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बन गई।
बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद दोनों नेता कई मौकों पर साथ नजर आ चुके हैं। हालांकि, इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य पुल के लोकार्पण समारोह के लिए नीतीश कुमार को आमंत्रित करना और कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करना था।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के लोकार्पण के साथ बिहार के सड़क संपर्क में एक अहम कड़ी जुड़ने जा रही है। गंगा पर बने इस पुल से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर वैशाली और आसपास के जिलों के लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर रहेंगे। वैशाली जिले के राजापाकर क्षेत्र के जाफरपट्टी में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है। पुल के लोकार्पण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।