बेगूसराय पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रथम वरीयता के वोट की अपील
पटना: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार ने जंगलराज से सुशासन और अब सुशासन से समृद्धि की ओर प्रदेश को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार में एनडीए सरकार ने समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशियों को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की।
रविवार को बेगूसराय के बलिया के विवेक हॉल में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी सर्वेश कुमार के समर्थन में आयोजित एनडीए के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार के काम और विकास की उपलब्धियां जनता के सामने हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव के अंतिम चार दिनों में पूरी ताकत के साथ मतदाताओं के बीच पहुंचने का आह्वान किया।
सरावगी ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया। आधारभूत संरचना मजबूत हुई, सड़कों का विस्तार हुआ और शिक्षा तथा स्वास्थ्य व्यवस्था में बदलाव आया। आज पटना से बेगूसराय की यात्रा लगभग डेढ़ घंटे में पूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार काम हो रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को दिए गए 10 प्रतिशत आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों के युवाओं को सरकारी नौकरियों, मेडिकल कॉलेजों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में अवसर मिले हैं। उन्होंने बोधगया की एक महिला का उदाहरण देते हुए बताया कि ईडब्ल्यूएस आरक्षण के माध्यम से उनके बेटे और बेटी दोनों को सरकारी मेडिकल कॉलेज में पढ़कर डॉक्टर बनने का अवसर मिला। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने मॉडल स्कूलों, डिग्री कॉलेजों, औद्योगिक विकास और उच्च शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन की संख्या वर्ष 2005 के लगभग चार लाख से बढ़कर करीब 26 लाख हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में प्लस टू विद्यालय खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आगे पढ़ने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि बेगूसराय की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय खोलने का कैबिनेट का निर्णय महत्वपूर्ण है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों में जाने की परेशानी कम होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों के विस्तार के साथ औद्योगिक निवेश के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार ने अपने काम के आधार पर जनता का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए झूठा नैरेटिव खड़ा करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ कथित हिंसक टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के बारे में ऐसी भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जाति और संप्रदाय के नाम पर मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश होगी, लेकिन शिक्षक और स्नातक मतदाताओं को शिक्षा, रोजगार और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
संजय सरावगी ने एनडीए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे चुनाव के अंतिम चार दिनों में प्रतिदिन कम से कम 50 मतदाता परिवारों तक पहुंचें। उन्होंने मंच पर उपस्थित नेताओं से भी प्रत्येक दिन 100 परिवारों से संपर्क कर एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. घनश्याम राय और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार को प्रथम वरीयता का मत देकर विधान परिषद भेजना जरूरी है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी, गन्ना मंत्री संजय पासवान, विधायक कुंदन कुमार, एनडीए के घटक दलों के नेता, जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में शिक्षक, स्नातक मतदाता तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बेगूसराय पहुंचने पर दिनकर अतिथि गृह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
बेगूसराय रवाना होने से पहले संजय सरावगी ने मोकामा में भाजपा नेता नलिनी रंजन शर्मा उर्फ ललन सिंह की दिवंगत माता मुन्नी देवी के श्राद्धकर्म में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मोकामा और सांगठनिक जिला बाढ़ के फतुहा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मोकामा में उन्होंने पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों नवल किशोर यादव और नीरज कुमार के समर्थन में चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा की।