CWC बैठक में गरजे भूपेश बघेल: “बेरोजगार, किसान और व्यापारी सब परेशान, मोदी सिर्फ खुद की पीठ थपथपा रहे”
Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले कांग्रेस पार्टी ने पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक आयोजित की। आज़ादी के बाद पहली बार पटना में हो रही इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत देशभर से आए सीडब्ल्यूसी सदस्य शामिल हुए। इस बैठक को कांग्रेस के लिए चुनावी रणनीति और शक्ति प्रदर्शन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भूपेश बघेल का मोदी सरकार पर हमला
बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं की लगातार अनदेखी हो रही है, किसानों की आमदनी नहीं बढ़ पाई और जीएसटी ने छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी। बघेल ने तंज कसा कि प्रधानमंत्री मोदी खुद अपनी पीठ थपथपा रहे हैं जबकि आम जनता महंगाई और संकट से जूझ रही है।
विदेश नीति और पड़ोसी देशों पर सवाल
विदेश नीति को लेकर भी बघेल ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भारत का कूटनीतिक प्रभाव कमजोर हुआ है। पाकिस्तान के साथ सीजफायर और नेपाल में हुई हिंसक झड़पों का हवाला देते हुए उन्होंने इसे मोदी सरकार की नाकामी बताया।
जातीय जनगणना और चुनाव आयोग पर टिप्पणी
भूपेश बघेल ने कहा कि जातीय जनगणना कराने के लिए केंद्र सरकार को राहुल गांधी के दबाव में कदम उठाना पड़ा। वहीं, उन्होंने चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता का भरोसा बनाए रखना ही सबसे बड़ी चुनौती है।
बिहार की राजनीति और महागठबंधन
बिहार की राजनीति पर बोलते हुए बघेल ने स्पष्ट किया कि यह बैठक महागठबंधन का चेहरा तय करने के लिए नहीं है, बल्कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए है। उन्होंने खड़गे के उस बयान का समर्थन किया जिसमें कहा गया था कि “नीतीश कुमार बीजेपी के लिए भोज्य बने हुए हैं और उन्हें किसी भी समय दरकिनार किया जा सकता है।”
पटना में हुई इस बैठक के जरिए कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव में वह महागठबंधन के भीतर अपनी पकड़ और प्रभाव दोनों को मजबूत करने की कोशिश करेगी।