बिहार बजट सत्र से पहले नीतीश कैबिनेट का बड़ा फैसला, SC-ST छात्रों की छात्रवृत्ति दोगुनी
Bihar news: बिहार बजट सत्र शुरू होने से पहले आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में नीतीश कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस बैठक में कुल 32 एजेंडों को मंजूरी दी गई। इनमें सबसे महत्वपूर्ण फैसला अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के छात्र-छात्राओं की प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति को लेकर लिया गया है।
कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2025–26 से SC-ST छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि दोगुनी करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। सरकार का मानना है कि इससे गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को पढ़ाई में आर्थिक सहारा मिलेगा।
15 साल बाद बढ़ी छात्रवृत्ति
गौरतलब है कि SC-ST प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की राशि वर्ष 2011 में तय की गई थी। बीते 15 वर्षों में महंगाई और पढ़ाई के खर्च को देखते हुए अब सरकार ने इसमें बढ़ोतरी का फैसला किया है। बढ़ी हुई राशि सरकारी और सरकार से मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को मिलेगी।
छात्रवृत्ति की नई दरें
कैबिनेट के फैसले के बाद अब छात्रों को सालाना यह छात्रवृत्ति मिलेगी—
• कक्षा 1 से 4 : ₹1200
• कक्षा 5 से 6 : ₹2400
• कक्षा 7 से 10 : ₹3600
• छात्रावासी (कक्षा 1–10) : ₹6000
27 लाख छात्रों को होगा सीधा लाभ
इस फैसले से बिहार के करीब 27 लाख SC-ST छात्र-छात्राओं को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने 519.64 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। सरकार का लक्ष्य ड्रॉपआउट रेट को कम करना और दलित-आदिवासी समाज के बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है।
कैबिनेट के अन्य फैसले
नीतीश कैबिनेट की इस बैठक में शिक्षा के अलावा बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। सरकार ने साफ किया है कि उसका फोकस ग्रामीण इलाकों में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर है।