राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, आलोक सिंह बने बिहार प्रदेश अध्यक्ष
इसके साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तथा हिमांशु पटेल को प्रधान महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम के गठन को पार्टी के विस्तार अभियान और चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष के चयन के दौरान दोनों प्रमुख दावेदारों ने मंच से ही अंतिम निर्णय का अधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को सौंप दिया था। इसके बाद आलोक सिंह के नाम पर सहमति बनते ही उनकी औपचारिक घोषणा की गई।
इस अवसर पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा आंतरिक लोकतंत्र, संगठनात्मक पारदर्शिता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने बिहार के अधिकांश जिलों में संगठनात्मक चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कर लिए हैं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का अभियान जारी है।
कुशवाहा ने दावा किया कि पार्टी की सदस्यता लगातार बढ़ रही है और अब यह संख्या 22 लाख से अधिक हो चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई प्रदेश टीम के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। नई जिम्मेदारियों की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने नेतृत्व के फैसले का स्वागत करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।