बिहार चुनाव से पहले बड़ी राहत: मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह को जमानत, 14 अक्टूबर को कर सकते हैं नामांकन
Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल गरम है और पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया शुरू होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच मोकामा के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत मिली है। धमकी और गाली-गलौज के एक पुराने मामले में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई है। माना जा रहा है कि इस राहत के बाद अनंत सिंह अब 14 अक्टूबर को मोकामा सीट से नामांकन कर सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
विशेष अदालत में आत्मसमर्पण के बाद मिली जमानत
जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह ने गुरुवार को सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) से जुड़े मामलों की विशेष अदालत में आत्मसमर्पण किया। अदालत में पेशी के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करने के आरोपों को लेकर अपनी सफाई दी। चूंकि यह मामला जमानतीय धाराओं के अंतर्गत आता था, अदालत ने सुनवाई के बाद जमानत पर रिहा करने का आदेश दे दिया।
अनंत सिंह के वकील सुनील कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला पटना हाईकोर्ट के एक वकील को फोन पर धमकी देने और गाली देने से जुड़ा था।
रंगदारी मामले में भी चल रही जांच
इससे पहले अनंत सिंह और राजद प्रवक्ता श्रवण कुमार उर्फ बंटू सिंह का बयान एक अन्य रंगदारी के केस में दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों ने कथित तौर पर साढ़े छह कट्ठा जमीन जबरन लिखवा ली थी। हालांकि दोनों ने अदालत में सभी आरोपों से इनकार किया है। यह मामला श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र में दर्ज है और फिलहाल विशेष अदालत में इसकी सुनवाई चल रही है।
मोकामा सीट पर फिर बढ़ी हलचल
अनंत सिंह लंबे समय से मोकामा की राजनीति में एक बड़ा नाम रहे हैं। उन पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन क्षेत्र में उनकी पकड़ अब भी मजबूत मानी जाती है।
सूत्रों के अनुसार, वे 14 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने की तैयारी में हैं। अगर ऐसा होता है, तो मोकामा का मुकाबला इस बार फिर हाईवोल्टेज होने वाला है।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होना है। मोकामा, बाढ़, पटना समेत 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। ऐसे में अनंत सिंह को मिली जमानत को चुनावी समीकरण के लिहाज से बड़ी राहत और सियासी बढ़त माना जा रहा है।