बिहार की लाखों महिलाओं को बड़ी राहत: 1 महीने में मिलेंगे 10-10 हजार रुपए, डिप्टी सीएम का बड़ा ऐलान
यह घोषणा राज्य के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सहरसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की। इस मौके पर मुख्यमंत्री Nitish Kumar भी मौजूद थे।
पहले उठे थे सवाल
कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि अब महिलाओं को 10 हजार रुपए देने की प्रक्रिया रोक दी जाएगी और जिन महिलाओं ने पहले ही इस राशि से रोजगार शुरू कर दिया है, उनकी समीक्षा के बाद उन्हें आगे की सहायता दी जाएगी।
इस खबर के सामने आने के बाद विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि चुनाव के समय किए गए वादों से सरकार पीछे हट रही है।
अब एक महीने में मिलेगा पैसा
डिप्टी सीएम ने साफ कहा कि जिन महिलाओं को अभी तक 10 हजार रुपए नहीं मिले हैं, उन्हें एक महीने के अंदर यह राशि दे दी जाएगी।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बिहार में लगभग 18 लाख महिलाएं ऐसी हैं जिन्हें अभी तक योजना की शुरुआती सहायता नहीं मिली है। अब सरकार का कहना है कि इन सभी महिलाओं को जल्द ही पैसा दिया जाएगा।
रोजगार बढ़ाने के लिए 2 लाख तक मदद
सरकार की इस योजना का मकसद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत पहले 10 हजार रुपए की शुरुआती मदद दी जाती है, ताकि महिलाएं छोटा काम शुरू कर सकें।
इसके बाद यदि वह अपना कारोबार आगे बढ़ाना चाहती हैं तो उन्हें 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
सरकार का दावा है कि इस पहल से राज्य की बड़ी संख्या में महिलाएं छोटे व्यवसाय, स्वरोजगार और घरेलू उद्योग की तरफ बढ़ेंगी और उनकी आमदनी भी बढ़ेगी।