बिहार की सियासत में बड़ा मोड़! राज्यसभा की राह पर नीतीश, अब किसके सिर सजेगा मुख्यमंत्री का ताज? जेडीयू की अहम बैठक आज

 
Bihar news: बिहार की राजनीति इन दिनों नए मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले ने सत्ता के गलियारों में हलचल तेज कर दी है। करीब दो दशक तक बिहार की राजनीति की धुरी रहे नीतीश कुमार अब पटना की सत्ता से दिल्ली की ओर कदम बढ़ाने की तैयारी में हैं। ऐसे में राज्य की सियासत में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर अब मुख्यमंत्री की कुर्सी किसे मिलेगी।

इसी बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने शुक्रवार, 6 मार्च की शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायक, सांसद और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) को बुलाया गया है। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि यह बैठक आने वाले समय की सियासी दिशा तय करने में अहम साबित हो सकती है।

दरअसल, गुरुवार को नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। इस कदम को उनके राजनीतिक सफर के नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग होनी है, जबकि सूत्रों की मानें तो वह अप्रैल के पहले सप्ताह तक मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं।

हालांकि उनके इस फैसले के बाद जदयू के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच बेचैनी भी देखने को मिल रही है। कुछ लोग इसे राजनीतिक रणनीति मान रहे हैं, तो कुछ इसे सत्ता के नए समीकरण की शुरुआत बता रहे हैं। सियासी गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि बिहार में जल्द ही मुख्यमंत्री का नया चेहरा सामने आ सकता है।

अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली जदयू की बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि यहीं से बिहार की अगली राजनीतिक चाल तय होगी। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि सत्ता की कमान जदयू के ही किसी नए चेहरे को मिलेगी या फिर बिहार की राजनीति में कोई नया समीकरण देखने को मिलेगा।

स्पष्ट है कि बिहार की सियासत अभी शांत नहीं हुई है, बल्कि असली राजनीतिक खेल अब शुरू होने जा रहा है।