बिहार चुनाव: दिल्ली में जदयू संसदीय दल की बड़ी बैठक आज, उपराष्ट्रपति उम्मीदवार भी रहेंगे शामिल
Patna Desk: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। महागठबंधन और एनडीए दोनों ही मोर्चे पर रणनीति बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में आज दिल्ली में जदयू संसदीय दल की अहम बैठक बुलाई गई है।
नालंदा सांसद के आवास पर होगी बैठक
जानकारी के अनुसार, जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार के दिल्ली स्थित आवास पर यह बैठक आयोजित की गई है। इसमें पार्टी के सभी सांसद मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन भी बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे से यह बैठक शुरू होगी और इसके बाद भोज का आयोजन भी किया गया है।
विधानसभा चुनाव को लेकर बनेगी रणनीति
चूंकि बिहार विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसमें चुनाव से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रणनीतियां तय की जाएंगी। अक्टूबर-नवंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं और अक्टूबर में चुनाव तिथियों का ऐलान हो सकता है। इसी वजह से जदयू और एनडीए ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
तीन तरफा मुकाबले के आसार
इस बार का चुनाव और भी दिलचस्प होने वाला है। एक ओर जहां एनडीए और महागठबंधन आमने-सामने होंगे, वहीं प्रशांत किशोर (पीके) की पार्टी ‘जनसुराज’ तीसरे मोर्चे के रूप में दोनों गठबंधनों की चुनौती बढ़ा रही है। पीके ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और दावा किया है कि जदयू को 15 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी तथा नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।
सियासत का पारा चढ़ा
बिहार की राजनीति इस वक्त गर्म है। सभी पार्टियां लगातार बैठकों और सभाओं के जरिए अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटी हैं। महागठबंधन और एनडीए दोनों ही अपने-अपने स्तर पर एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, पीके का एंट्री इस चुनाव को और ज्यादा रोचक बना रही है।