बिहार चुनाव: प्रशांत किशोर ने की शाहरुख खान से तुलना, तेजस्वी को बताया अभिषेक बच्चन

 

Patna Desk: बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल गरमाता जा रहा है और सियासी बयानबाज़ी भी दिलचस्प मोड़ ले रही है। जन सुराज पार्टी (JSP) के नेता प्रशांत किशोर ने इस बार खुद की तुलना बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान से की, वहीं आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को अभिषेक बच्चन करार दिया।

दरअसल, डिजिटल प्लेटफॉर्म सिटी पोस्ट लाइव से बातचीत में प्रशांत किशोर से जब चुनाव लड़ने और सीट को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सीधे कहा कि यह फैसला पार्टी करेगी। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को फिल्मी अंदाज में समझाते हुए कहा- “शाहरुख खान ने फौजी सीरियल से शुरुआत की, फिर छोटे रोल मिले। जब फिल्मों में सफलता मिली तो बड़े निर्देशकों के साथ काम करने लगे और फिर खुद का प्रोडक्शन हाउस शुरू किया।

यह एक-एक कदम आगे बढ़ने की कहानी है। इसके उलट अभिषेक बच्चन का उदाहरण लीजिए। उनका लॉन्च बड़े बैनर के साथ हुआ क्योंकि वे अमिताभ बच्चन के बेटे थे। तेजस्वी यादव भी उसी तरह की पोज़ीशन में हैं, जो तय कर सकते हैं कि कब और कहां से चुनाव लड़ना है। लेकिन हमारे पास ऐसी सुविधा नहीं है। जहां पार्टी कहेगी, वहीं से चुनाव लड़ेंगे।”

गौरतलब है कि प्रशांत किशोर बीते कुछ महीनों से न सिर्फ तेजस्वी यादव की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाते रहे हैं, बल्कि एनडीए खेमे के पांच नेताओं- सम्राट चौधरी, अशोक चौधरी, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल के खिलाफ भी लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए हैं।

वहीं तेजस्वी यादव, प्रशांत किशोर के इन हमलों का जवाब अक्सर यह कहकर देते रहे हैं कि “सचिन तेंदुलकर के पास भी कौन-सी डिग्री थी।” बहरहाल, बिहार के राजनीतिक गलियारों में PK का यह फिल्मी उदाहरण अब नई बहस छेड़ रहा है।