खड़गे के बयान पर बिहार BJP का प्रदर्शन, बुजुर्ग खड़गे शर्म करो, अपशब्द बोलना बंद करो' जैसे लगे नारे 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान के विरोध में बिहार बीजेपी सोमवार को सड़क पर उतर आई
 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान के विरोध में बिहार बीजेपी सोमवार को सड़क पर उतर आई। पटना स्थित बीजेपी कार्यालय से प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैनर-पोस्टर लेकर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के बैनर-पोस्टर पर ‘बुजुर्ग खड़गे शर्म करो, अपशब्द बोलना बंद करो’ जैसे नारे लिखे थे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने खड़गे के बयान की निंदा करते हुए कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को पूरे देश के सामने कान पकड़कर, उठक-बैठक लगाकर माफी मांगनी चाहिए।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

दरअसल, रविवार को पटना में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था, ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।’ बताया जा रहा है कि खड़गे ने यह टिप्पणी एक कार्यकर्ता की बात के जवाब में की थी। कार्यकर्ता ने कहा था कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं और जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सरकार नहीं हटेगी। इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उस कार्यकर्ता की पिटाई कर दी।

इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में विवाद गहरा गया है। बीजेपी ने इसे प्रधानमंत्री का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग की है।

गौतलब है कि इससे पहले 27 अगस्त 2025 को बिहार के दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने का मामला सामने आया था। उस घटना के विरोध में बिहार बंद का आयोजन किया गया था और विभिन्न जगहों पर प्रदर्शन भी हुए थे।

अब खड़गे के ताजा बयान को लेकर बीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बाद बिहार में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।