Bihar Election 2025: पीएम मोदी और सीएम नीतीश की बड़ी चुनावी तैयारियां, हेलीकॉप्टर से प्रचार का होगा जोर

 

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है और चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्म हो गया है। इस बार का चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण के लिए मतदान 6 नवंबर, जबकि दूसरे चरण के लिए मतदान 11 नवंबर को निर्धारित किया गया है। पहले चरण के लिए अधिसूचना 10 अक्टूबर को जारी होगी और नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है। दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 14 अक्टूबर को जारी होगी। मतगणना का दिन तय है 14 नवंबर।

पीएम मोदी की 10 जनसभाएं

सूत्रों की जानकारी के अनुसार, चुनाव प्रचार के लिए सभी दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में 10 जनसभाओं को संबोधित करेंगे, हालांकि जरूरत पड़ने पर उनकी सभाओं की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।

सीएम नीतीश 10 अक्टूबर से करेंगे चुनावी सभाएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अक्टूबर से अपनी चुनावी सभाएं शुरू करेंगे। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की प्रस्तावित जनसभाओं की संख्या लगभग 25-25 है।
कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी लगभग 10 जनसभाएं करेंगे, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा की 5 से 6 सभाएं होने की संभावना है।

हेलीकॉप्टर से चुनाव प्रचार

चुनावी प्रचार में हवाई संसाधनों का भरपूर इस्तेमाल किया जाएगा।
    •    भाजपा के नेता 5-6 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करेंगे।
    •    जदयू के नेता 2-3 हेलीकॉप्टर से प्रचार करेंगे।
    •    कांग्रेस के नेता 3 हेलीकॉप्टर, जबकि राजद के नेता 2 हेलीकॉप्टर का उपयोग करेंगे।

चुनाव आयोग की निगरानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच बिहार का सियासी पारा तेजी से चढ़ रहा है। अगले कुछ हफ्तों में राज्य के हर जिले में जनसभाओं और प्रचार कार्यक्रमों की गूंज सुनाई देगी।