Bihar Election 2025: दानापुर में लालू-तेजस्वी की संयुक्त एंट्री से गरमाई सियासत, रीतलाल यादव के समर्थन में आज होगा रोड शो और जनसभा

 

Bihar political news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा है, राज्य की सियासी हवा भी तेज़ी से बदलती दिख रही है। पहले चरण के मतदान से महज़ तीन दिन पहले चुनावी प्रचार ने पूरा उफान पकड़ लिया है। इस बीच, दानापुर विधानसभा आज सुर्खियों में है क्योंकि यहां होने जा रहा है लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव का संयुक्त प्रचार अभियान, जिसने राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया है।

पहली बार चुनावी मैदान में उतरेंगे लालू यादव

कई सालों बाद, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज पहली बार चुनावी सभा में दिखाई देंगे। मिली जानकारी के अनुसार, वे दानापुर से राजद प्रत्याशी और फिलहाल जेल में बंद विधायक रीतलाल यादव के समर्थन में रोड शो करने जा रहे हैं। राजद सूत्रों ने बताया कि लालू यादव का यह रोड शो आज दोपहर तीन बजे सगुना मोड़ से शुरू होकर जमालुद्दीन चक तक जाएगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ एक रोड शो नहीं, बल्कि “राजद के मूल नेतृत्व की वापसी का प्रतीक” है।

मीसा भारती और तेजस्वी यादव भी रहेंगे मौजूद

इस ऐतिहासिक रोड शो में राजद सांसद मीसा भारती भी लालू यादव के साथ मौजूद रहेंगी। मीसा बीते कई दिनों से दानापुर में रीतलाल यादव के पक्ष में लगातार जनसभाएं कर रही हैं। वहीं, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव भी आज दानापुर के पतलापुर दियर मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

यह पहला मौका होगा जब लालू और तेजस्वी दोनों एक साथ बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार मंच पर नजर आएंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस पिता-पुत्र की संयुक्त एंट्री से दानापुर की लड़ाई में नया मोड़ आ सकता है।

रीतलाल यादव की बेटी की भावनात्मक अपील

सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में रीतलाल यादव की बेटी ने दानापुर की जनता से भावुक अपील की है। उन्होंने लिखा- “दानापुर के सभी सम्मानित जनता मालिकों को रीतलाल यादव जी की इस सुपुत्री का सादर प्रणाम… कल 3 नवंबर को दोपहर 1 बजे पतलापुर दियर मैदान में तेजस्वी प्रसाद यादव विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। आप सभी से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए तेजस्वी जी का समर्थन करें। ‘लालटेन जलाइए, उजाला फैलाइए-  तेजस्वी जी के साथ बिहार बढ़ाइए।’”

दानापुर की सियासत में बढ़ी हलचल

रीतलाल यादव की गिरफ्तारी के बाद से दानापुर की सियासत में पहले ही उबाल है। ऐसे में लालू यादव की एंट्री ने राजद समर्थकों में नई ऊर्जा भर दी है। स्थानीय स्तर पर माना जा रहा है कि यह रोड शो महागठबंधन के लिए वोटों का माहौल बदलने वाला साबित हो सकता है, खासकर उन इलाकों में जहां रीतलाल यादव की मजबूत पकड़ है।

पहले चरण के मतदान से पहले बड़ा सियासी इवेंट

पहले चरण में बिहार की 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होना है। दानापुर समेत पटना जिले की कई सीटें इस चरण में शामिल हैं। इससे पहले लालू-तेजस्वी का साझा प्रचार अभियान न सिर्फ राजद कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि बिहार की पूरी चुनावी दिशा को भी प्रभावित कर सकता है।