Bihar Election 2025: बिहार की सियासत में घुली जलेबी की मिठास, राहुल गांधी और तेज प्रताप में छिड़ी ‘मिठाई वॉर’

 

Bihar political news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बयानबाज़ी, पोस्टर और रैलियों के बीच अब सियासत का स्वाद बदल गया है। इस बार चर्चा में न तो कोई गठबंधन है और न ही कोई सीट शेयरिंग- बल्कि इस वक़्त बिहार की सियासत में सबसे ज़्यादा मिठास घोल रही है “जलेबी पॉलिटिक्स”।

दरअसल, सोशल मीडिया पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक तस्वीर तेज़ी से वायरल हो रही है, जिसमें वो पुरानी दिल्ली की मशहूर मिठाई की दुकान पर खुद जलेबी तलते नज़र आ रहे हैं। दीपावली के इस त्योहारी मौसम में राहुल गांधी का यह अंदाज़ लोगों को तो मीठा लगा, लेकिन बिहार के सियासी हलकों में इस पर तड़का लग गया।

तेज प्रताप यादव बोले – “राहुल गांधी मेरी कॉपी कर रहे हैं”

आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव, जो इन दिनों चुनाव प्रचार में जोश में हैं, ने राहुल गांधी की जलेबी वाली तस्वीर पर अपने ही अंदाज़ में चुटकी ली। उन्होंने कहा, राहुल गांधी को जलेबी बनाना हमने ही सिखाया है। वो मेरी नकल कर रहे हैं। अब जनता तय करेगी किसकी जलेबी ज़्यादा खस्ता है। उनका यह बयान आते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा “अब बिहार में मिठाई युद्ध शुरू!”, तो किसी ने कहा “राजनीति गरम तेल में तली जा रही है।”

राहुल गांधी ने दी मिठास भरी दलील

राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “पुरानी दिल्ली की मिठास अब भी वही है ख़ालिस, दिल को छू लेने वाली और लोगों को जोड़ने वाली। दीपावली की असली मिठास सिर्फ़ थाली में नहीं, रिश्तों और समाज में भी है।”

राहुल का ये संदेश जहाँ एक तरफ़ ‘दिल से जोड़ने’ वाली राजनीति का प्रतीक माना गया, वहीं दूसरी ओर तेज प्रताप यादव ने इसे “सियासी मिठाई” कहकर नया मोड़ दे दिया।

‘जलेबी पॉलिटिक्स’ बनी चुनावी चर्चा का नया स्वाद

बिहार की राजनीति में इस “जलेबी प्रसंग” ने नेताओं और मतदाताओं के बीच एक नया रंग घोल दिया है। राजनीतिक विश्लेषक कह रहे हैं कि बिहार की राजनीति में मिठास और कटाक्ष का यह मेल चुनावी माहौल को हल्का-फुल्का बना रहा है लेकिन इसके पीछे संदेश गहरा है।

कुल मिलाकर, दीपावली के बाद अब बिहार में सियासत की कढ़ाई फिर से गरम हो गई है। बस फर्क इतना है कि इस बार मुद्दे जलेबी के हैं पर गरमागरम वही राजनीति है।