बिहार में चुनावी हलचल: पीएम मोदी से पहले जेपी नड्डा का पटना दौरा, बीजेपी का ‘मिशन 2025’ तेज

 

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष से लेकर सत्ता पक्ष तक, हर पार्टी चुनावी समीकरण साधने में जुट गई है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी हाल ही में वोटर अधिकार यात्रा के तहत बिहार में थे। वहीं बीजेपी भी पीछे नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने बिहार का दौरा कर रहे हैं और अब 15 सितंबर को एक बार फिर वे बिहार आ रहे हैं। लेकिन उससे पहले पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना का दौरा करने वाले हैं।

13 सितंबर को पटना पहुंचेंगे नड्डा

मिली जानकारी के अनुसार, जेपी नड्डा 13 सितंबर की सुबह 11 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां वे सबसे पहले एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे।

बैठक का एजेंडा साफ है—आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना।

वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

प्रदेश कार्यालय में होने वाली इस कोर कमेटी की बैठक में बिहार बीजेपी के सभी बड़े चेहरे मौजूद रहेंगे। नड्डा कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं तक का फीडबैक लेंगे और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।

यह भी साफ है कि बीजेपी का टॉप लीडरशिप लगातार बिहार पर नजर बनाए हुए है। नड्डा के बाद पीएम मोदी और फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बिहार दौरा तय है।

बीजेपी का ‘मिशन 2025’

जेपी नड्डा का दौरा संगठन को मजबूती देने के लिए है, जबकि पीएम मोदी और अमित शाह जनसभाओं के जरिए सीधे जनता तक संदेश पहुंचाने की तैयारी में हैं।
    •    13 सितंबर: पटना में जेपी नड्डा की बैठक।
    •    15 सितंबर: पीएम मोदी पूर्णिया में एयरपोर्ट उद्घाटन और जनसभा।
    •    सितंबर अंत: अमित शाह का सीमांचल और उत्तर बिहार दौरा।

लगातार हो रहे इन दौरों से साफ है कि बीजेपी 2025 को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।