बिहार चुनावी हलचल: तेजस्वी यादव का जीतन राम मांझी पर सीधा हमला, कहा– “कुर्सी के लिए समाज के दुश्मन बने”
Patna Desk: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने मांझी को “धोखेबाज और समाज का दुश्मन” करार दिया।
मांझी पर धोखे का आरोप
तेजस्वी यादव ने कहा कि जीतन राम मांझी ने पहले कई मौकों पर लालू यादव के पक्ष में बयान दिए। कभी यह कहा कि उन्हें मंदिर में घुसने से रोका गया और उनके जाने पर मंदिर धुलवाया गया। यहां तक कि यह भी कहा था कि लालू यादव को साजिश के तहत जेल में डाला गया। लेकिन जैसे ही उन्हें कुर्सी का सुख मिला, वे समाज के मुद्दों से मुंह मोड़कर एनडीए के साथ खड़े हो गए।
तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा—“अब मांझी ना तो आरक्षण पर बोलते हैं और ना ही शराबबंदी पर। वे सिर्फ अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए सब कुछ भूल गए हैं। ऐसे लोग समाज को धोखा देने का काम कर रहे हैं।”
“उम्र कच्ची, लेकिन जुबान पक्की”
कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव ने यह भी दोहराया कि जब उनकी सरकार बनेगी, तब जातिगत जनगणना के आधार पर सभी को बराबर हक मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपने हर वादे को पूरा करेंगे।
उन्होंने कहा—“मेरी उम्र भले कच्ची है, लेकिन जुबान पक्की है। भाजपा चाहे जितना दबाव बनाए, मैं अपने पिता लालू यादव की तरह झुकने वाला नहीं हूं।”
भाजपा और नीतीश पर भी साधा निशाना
तेजस्वी ने भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मांझी जैसे नेता पहले जिन मुद्दों पर इनकी आलोचना करते थे, अब उन्हीं की गोद में बैठे हैं। इससे साफ है कि सत्ता का लालच उन्हें जनता से किए वादे भुला देता है।