बिहार बाढ़: नितिन नवीन ने दान किया तीन महीने का वेतन, मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे ₹6.35 लाख

 

 

 

 

Patna: बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने राहत कार्यों में सहयोग के लिए अपने तीन महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि उनके तीन महीने के वेतन की राशि ₹6.35 लाख है, जिसे वे राहत कोष में अंशदान करेंगे।

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि राज्य में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।

7 हजार रुपये प्रति परिवार की सहायता

नितिन नवीन ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार की ओर से प्रति परिवार ₹7,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। 15 जिलों के 8.27 लाख से ज्यादा परिवारों के खातों में ₹579.23 करोड़ की राशि डीबीटी के जरिए भेजी गई है।

उन्होंने कहा कि राहत शिविरों और सामुदायिक रसोई के साथ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी की जा रही है। बचाव अभियान में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। किसानों की फसल को हुए नुकसान का आकलन कर आगे सहायता देने की प्रक्रिया भी जारी है।

करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित

सरकारी आंकड़ों के अनुसार बिहार में बाढ़ से करीब 49.72 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। कई जिलों में गंगा समेत प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों में पानी फैल गया।

नितिन नवीन ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस मुश्किल समय में सभी को बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना चाहिए और राहत एवं पुनर्वास के काम को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।