RSS संस्थापक के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी बिहार सरकार, कई जिलों में होंगे कार्यक्रम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक एवं प्रथम सरसंघचालक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार का जीवन, संघर्ष, त्याग, समर्पण, राष्ट्र निर्माण का रहा है।
 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक एवं प्रथम सरसंघचालक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार का जीवन, संघर्ष, त्याग, समर्पण, राष्ट्र निर्माण का रहा है। बिहार में दो करोड़ से अधिक युवा हैं। नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी को डॉ हेडगेवार के जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और विचारों से अवगत कराना आवश्यक है। सरकार उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएगी। इसके लिए पटना के बाद बिहार के अन्य जिलों में उनके जीवन और काम पर आधारित नाटक का मंचन कराया जाएगा।

सीएम सम्राट चौधरी शुक्रवार को बापू सभागार में नादब्रह्म संस्था, नागपुर द्वारा निर्मित महानाट्य 'संघ सृजन का आविष्कार : युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार' के मंचन कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करने के बाद अपने विचार रख रहे थे। इस महानाट्य के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, त्याग, अनुशासन और समाज सेवा जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से यह आयोजन किया गया था।

सीएम ने कहा कि डॉ हेडगेवार एक स्वतंत्रता सेनानी, विचारक और कुशल संगठनकर्ता थे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आरएसएस की स्थापना कर संगठन और राष्ट्रसेवा की एक ऐसी परंपरा विकसित की, जो आगे चलकर देशभर में विस्तारित हुई। संघ की शाखाओं के माध्यम से इससे जुड़े लोग राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं। इस श्रृंखला को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के कंधों पर है। खासकर आज की जेन-जी को इसे समझना और इससे सीखना चाहिए।

कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को समृद्ध, उन्नत और विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस महानाट्य का मंचन केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिहार के अन्य जिलों में भी इसका आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरणा प्राप्त कर सकें। सीएम ने कहा कि डॉ हेडगेवार के विचारों को युवा पीढ़ी खासकर जेन-जी तक पहुंचाना आवश्यक है। बिहार सरकार जन जन तक उनके विचारों को पहुंचाएगी।

महानाट्य के निर्माता पद्माकर धानोरकर ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार और आरएसएस बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने डॉ हेडगेवार के विचारों को जन जन तक ले जाना समय की मांग बताया। नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक भी बापू सभागार में जुटे।