चेनारी के पूर्व विधायक श्याम बिहारी राम के निधन पर बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना
बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने चेनारी के पूर्व विधायक एवं राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व सदस्य श्री श्याम बिहारी राम जी के निधन पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि श्याम बिहारी राम के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं मर्माहत करने वाला है। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।
डॉ. प्रेम कुमार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिरशांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
श्याम बिहारी राम का पार्थिव शरीर आज बिहार विधान सभा परिसर लाया गया, जहाँ माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की ओर से विधान सभा के प्रभारी सचिव श्री संजय कुमार सिंह ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर बिहार विधान सभा के माननीय सदस्य अरुण मांझी एवं मुरारी प्रसाद गौतम तथा बिहार विधान परिषद् के सदस्य संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी एवं अन्य लोगों ने भी पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।