बिहार में हत्या पर मंत्री के बयान से सियासी बवाल, रोहिणी आचार्य ने की बर्खास्तगी की मांग
बिहार में आपराधिक घटनाओं को लेकर दिए गए एक बयान पर नीतीश कुमार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा घिर गए हैं। आरा में रिटायर्ड कमिश्नर रामकुमार सिंह की हत्या के बाद मंत्री ने कहा था कि बिहार बहुत बड़ा है, यहां हत्याएं होती रहती हैं। उनके इस बयान पर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर सरकार और मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि जब सरकार के मंत्री ही जघन्य अपराधों को इतनी बेशर्मी से सामान्य मानने लगें, तो समझ लेना चाहिए कि जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
रोहिणी ने आगे लिखा कि मंत्री अपनी सरकार की नाकामी पर पर्दा डालने के लिए गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। यह सिर्फ एक मंत्री के बयान का मामला नहीं, बल्कि पूरे सत्ताधारी गठबंधन की संवेदनहीनता का प्रमाण है। बिहार की जनता को सुरक्षा चाहिए, बहानेबाजी नहीं। उन्होंने विवादित बयान देने वाले मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
दरअसल, योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा आरा में मृतक रामकुमार सिंह के घर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की, उन्हें सांत्वना दी और हत्याकांड पर दुख जताया। बताया जा रहा है कि रिटायर्ड कमिश्नर रामकुमार सिंह को ताबड़तोड़ आठ गोलियां मारी गई थीं।
इसी मामले में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि बिहार में यह कोई पहली घटना नहीं है। हत्या तो होगी, क्या कीजिएगा? बिहार इतना बड़ा है। उनके इस बयान ने विवाद खड़ा कर दिया।
इतना ही नहीं, बातचीत के दौरान मंत्री पत्रकारों पर भी भड़क गए। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाइए, सवाल मत पूछिए।
मंत्री के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। अब देखना होगा कि विवाद बढ़ने के बाद भगवान सिंह कुशवाहा या सरकार की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।