बिहार MLC चुनाव: प्रचार का आज आखिरी दिन, 8 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को होगी वोटिंग

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। तमाम राजनीतिक दलों के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। 
 

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। तमाम राजनीतिक दलों के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में आज प्रचार का आखिरी दिन है। शाम 5 बजे तक ही प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया जा सकेगा। इसके बाद चुनावी शोर थम जाएगा और सभी उम्मीदवार वोटिंग की तैयारी में जुट जाएंगे।

इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की हो रही है। यहां मुकाबला जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह और जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार के बीच माना जा रहा है। इस सीट पर सियासी समीकरण दिलचस्प हो गए हैं, क्योंकि मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह खुलकर अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।

अनंत सिंह लगातार अनुज सिंह के पक्ष में वोट मांग रहे हैं। ऐसे में पटना स्नातक सीट पर मुकाबला केवल दो प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच भी देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कौन-सी पार्टी और प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए कितनी ताकत झोंकते हैं।

आपको बता दें कि बिहार विधान परिषद की इन 8 सीटों में 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों के लिए कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से 66 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से 98 उम्मीदवार मैदान में हैं।

चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। प्रचार के दौरान राजनीतिक दलों की ओर से रैलियां, जनसभाएं और मतदाताओं से सीधा संवाद किया जा रहा है।

अब चुनाव प्रचार का आखिरी दिन बेहद अहम माना जा रहा है। सभी दलों की कोशिश होगी कि अंतिम समय तक मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद किया जाए। इसके बाद फैसला मतदाताओं के हाथ में होगा, जिसका नतीजा 27 अक्टूबर को सामने आएगा।