Bihar NDA Meeting: मुख्यमंत्री आवास पर मंथन, संगठन से सरकार तक तालमेल होगा मजबूत; सम्राट चौधरी के काम की हुई सराहना
Bihar News: बिहार में नई एनडीए सरकार के गठन के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की अहम बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गठबंधन के सभी पांच सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं के साथ पहली बार सभी जिलाध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को जिला और प्रखंड स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न जिलों से पहुंचे जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी स्थिति, विकास कार्यों और जनता की अपेक्षाओं से जुड़ा फीडबैक भी साझा किया।
‘सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा’
बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यों की सराहना की है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान सरकार बिहार में विकास की गति को और तेज करेगी। निशांत कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में हुए विकास कार्यों को अब घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी एनडीए की है और पूरा गठबंधन मिलकर समृद्ध एवं विकसित बिहार के निर्माण के लिए काम करेगा।
जिलाध्यक्ष निभाएंगे अहम भूमिका
बैठक में यह भी तय किया गया कि एनडीए के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में नियमित बैठकें करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। साथ ही जिला स्तर पर संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
विकास योजनाओं की निगरानी पर जोर
सूत्रों के अनुसार, बैठक में विकास योजनाओं की निगरानी, जनता से सीधा संवाद बढ़ाने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच मजबूत समन्वय ही सुशासन और विकास की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।
एनडीए नेतृत्व का कहना है कि आने वाले दिनों में जिला और प्रखंड स्तर पर इसी तरह की समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि विकास कार्यों की गति तेज हो और जनता तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंच सके।