Bihar Political News: रालोमो में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, उपेंद्र कुशवाहा ने सौंपी अहम जिम्मेदारियां
Bihar Political news: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को नई और अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस कड़ी में दिनारा विधानसभा सीट से विधायक आलोक कुमार सिंह को रालोमो का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
इसके साथ ही प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हिमांशु पटेल को प्रधान महासचिव और निवर्तमान प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (संगठन) नियुक्त किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ ऐलान
दरअसल, पार्टी विधायकों की नाराजगी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन नियुक्तियों का ऐलान किया। उन्होंने साफ किया कि यह फैसला संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है, न कि किसी अंदरूनी विवाद के कारण।
नाराजगी की खबरों को किया खारिज
प्रेस वार्ता के दौरान जब पार्टी में असंतोष को लेकर सवाल किया गया तो उपेंद्र कुशवाहा ने साफ कहा कि रालोमो में किसी तरह की कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें उन्हें सिर्फ मीडिया के जरिए सुनने को मिल रही हैं। विधायक रामेश्वर महतो के प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कोई विधायक दल की बैठक नहीं थी, इसलिए सभी विधायकों की मौजूदगी जरूरी नहीं थी।
पार्टी पूरी तरह एकजुट
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने भी संगठन में किसी तरह की खींचतान से इनकार किया। उन्होंने कहा कि रालोमो पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि संगठनात्मक बदलाव का मकसद पार्टी को और मजबूत बनाना है।
शाहाबाद पर विशेष फोकस
राजनीतिक जानकारों के अनुसार आलोक कुमार सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को रणनीतिक फैसला माना जा रहा है। आलोक सिंह शाहाबाद क्षेत्र से आते हैं, जहां रालोमो अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना चाहती है। साथ ही इसे जातीय संतुलन साधने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। उपेंद्र कुशवाहा जहां कुशवाहा समाज से हैं, वहीं आलोक सिंह राजपूत समुदाय से आते हैं, जिससे पार्टी अपने सामाजिक आधार को विस्तार देना चाहती है।