Bihar political news: मुंगेर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, इजराइल यात्रा और मत्स्य पालन योजनाओं पर की चर्चा
Bihar political news: दो दिवसीय दौरे पर मुंगेर पहुंचे केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का भव्य स्वागत किया गया। रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह सर्किट हाउस में उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान जिले के विधायक, पार्टी कार्यकर्ता और वरीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में ललन सिंह ने अपनी हालिया इजराइल यात्रा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर वे एक कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करने इजराइल गए थे। वहां मत्स्य पालन के क्षेत्र में हो रहे आधुनिक कार्यों और तकनीक पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में देश में मत्स्य उत्पादन दोगुना हो गया है। खासकर उन इलाकों में ज्यादा बदलाव आया है जहां समुद्र नहीं है। वहां बनाई गई योजनाओं से उत्पादन बढ़ेगा, निर्यात होगा और मछुआरों की आमदनी भी बढ़ेगी।
ललन सिंह ने कहा कि इजराइल में मौजूद अन्य देशों के प्रतिनिधियों और मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में हो रहे कामों की तारीफ की। इस दौरान भारत और इजराइल के बीच तकनीक के क्षेत्र में कई समझौते हुए, जिन पर उन्होंने और इजराइल के कृषि मंत्री ने हस्ताक्षर भी किए। इससे दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत हुए हैं।
बिहार के मत्स्य पालन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले बिहार अपनी जरूरत की 95 प्रतिशत मछली आंध्र प्रदेश से मंगाता था। लेकिन अब बिहार इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो चुका है और आसपास के राज्यों में भी मछली भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सात निश्चय फेज-3 के तहत मत्स्य पालन और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं बनाई हैं। इसके लिए अलग-अलग मंत्रालय भी बनाए गए हैं, ताकि काम तेजी से हो सके। ललन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार भी बिहार के विकास में पूरा सहयोग करेगी।