Bihar political news: बजट 2026-27 पर आरजेडी का हमला, रोहिणी आचार्य बोलीं– पुराने वादों को नए पैक में परोसा गया
Bihar political news: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए वित्त बजट 2026-27 को लेकर राष्ट्रीय जनता दल की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस बजट को निराशाजनक बताते हुए केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि यह बजट पुराने विचारों को नए डिब्बे और नए लेबल के साथ पेश करने जैसा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि बजट से आम लोगों की प्रति व्यक्ति आय कैसे बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को मजबूती किस तरह मिलेगी।
रोजगार को लेकर उठाए सवाल
अपने पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने लिखा कि बजट में डिजिटल कंटेंट क्रिएशन को बढ़ावा देने की बात तो की गई है, लेकिन देश की बड़ी युवा आबादी चाहे वह शिक्षित हो या गैर-शिक्षित के लिए वास्तविक रोजगार कैसे पैदा होंगे, इस पर कोई ठोस योजना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी देश की सबसे गंभीर समस्या है, लेकिन बजट में इसके समाधान को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं दिखता।
बिहार को लेकर जताई नाराज़गी
रोहिणी आचार्य ने बिहार से जुड़े मुद्दों पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि बिहार में हर साल आने वाली बाढ़, बाढ़ नियंत्रण, बाढ़ के बाद पुनर्वास और सिंचाई संसाधनों के विकास के लिए लंबे समय से विशेष पैकेज की मांग की जा रही है, लेकिन इस बजट में इसके लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया, जो बेहद निराशाजनक है।
मनोज झा ने भी बजट पर साधा निशाना
इससे पहले राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ राजद नेता मनोज झा ने भी बजट को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह बजट देश की दो सबसे बड़ी समस्याओं तेजी से बढ़ती आय की असमानता और गंभीर बेरोजगारी को संबोधित करने में एक बार फिर नाकाम रहा है।
मनोज झा ने कहा कि इन बुनियादी संकटों से निपटने के बजाय बजट में भारी-भरकम शब्दों और सतही उपायों का सहारा लिया गया है, जो कुछ दिनों की सुर्खियां तो बना सकते हैं, लेकिन आम जनता की आर्थिक परेशानियों में कोई वास्तविक बदलाव नहीं ला सकते।
बजट 2026-27 को लेकर राजद नेताओं की इन प्रतिक्रियाओं के बाद सियासी माहौल गरमाता नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में इस पर बहस और तेज होने की संभावना है।