Bihar political news: अनंत सिंह शपथ लेकर बोले– न्याय पर पूरा भरोसा, सीएम नीतीश का लिया पांव छुकार लिया आशीर्वाद
Bihar political news: मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। बाहुबली छवि वाले अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार होने के बाद से जेल में बंद हैं। चुनाव जीतने के बावजूद वे अब तक सदन की सदस्यता की शपथ नहीं ले पाए थे।
सोमवार को अदालत से अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधानसभा लाया गया, जहां उन्होंने सदन में शपथ ली।
स्पीकर का किया अभिवादन, सीएम नीतीश का छुआ पैर
शपथ लेने के बाद अनंत सिंह ने सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से हाथ मिलाकर अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनका पैर छूकर आशीर्वाद लिया। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई।
मीडिया से बोले– न्याय पर पूरा भरोसा
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उनके साथ न्याय जरूर होगा। जब वे दोबारा जेल लौटने के लिए रवाना हो रहे थे, तब भी उन्होंने यही बात दोहराई।
कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को जवाब
बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोपों पर अनंत सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा पर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि बिहार में सब सुरक्षित है।
शपथ के बाद फिर भेजे गए जेल
कोर्ट के आदेश के अनुसार अनंत सिंह को केवल शपथ ग्रहण की अनुमति दी गई थी। शपथ पूरी होने के बाद उन्हें फिर से कड़ी सुरक्षा के बीच जेल वापस भेज दिया गया।