Bihar politics: दानापुर में जश्न का माहौल, नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस

 

Bihar politics: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन की नियुक्ति के बाद दानापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पटना जिला ग्रामीण भाजपा की ओर से भाजपा नेता शंकर सिंह के नेतृत्व में सगुना मोड़ पर जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया, मिठाइयाँ खिलाईं और पटाखे छोड़कर खुशी का इजहार किया।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार के एक युवा नेता का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और नितिन नवीन के समर्थन में नारे लगाए गए।

पटना जिला ग्रामीण भाजपा के जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि बांकीपुर से विधायक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नितिन नवीन को मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा हुई। इसके बाद से ही दानापुर समेत पूरे जिले में कार्यकर्ताओं में खुशी और जोश का माहौल है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन और मजबूत होगा। दानापुर में हुए इस जश्न को कार्यकर्ताओं ने बिहार के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया।

दानापुर से रणजीत कुमार की रिपोर्ट