बिहार की सियासत में हंगामा: संजय जायसवाल ने पीके को बताया ‘नटवरलाल का दादा’, 14 करोड़ चंदे पर उठाए सवाल

 

Bihar Politics: विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है। इस बार निशाने पर हैं जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK)। भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने सोशल मीडिया के ज़रिए पीके पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पीके को ठगी की दुनिया में ‘नटवरलाल का दादा’ तक कह डाला।

पेट्रोल पंप से शुरू हुआ विवाद, अब पहुंचा चंदे पर

दरअसल, पेट्रोल पंप को लेकर पीके और बीजेपी नेताओं के बीच पहले से तनातनी चल रही थी। अब यह विवाद और गहराते हुए सीधे फंडिंग और ऑडिट रिपोर्ट तक पहुंच गया है। संजय जायसवाल ने दावा किया कि जनसुराज पार्टी को आंध्र प्रदेश के सांसद अयोध्या रामी रेड्डी से 14 करोड़ रुपए का चंदा मिला, लेकिन पार्टी की ऑडिट रिपोर्ट में खर्चा महज 35 हजार रुपए दिखाया गया है।

“बुद्धिजीवियों को ठगते हैं पीके”

जायसवाल ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा- “ठगी की दुनिया में बिहार की पहचान नटवरलाल से थी। लेकिन पीके तो उससे भी आगे हैं। नटवरलाल ने आम लोगों को ठगा था, जबकि पीके बिहार के बुद्धिजीवियों को ठगते हैं।”

उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने पीके से 7 सवाल पूछे हैं, लेकिन उनके जवाब नहीं मिले।

बड़ा सवाल – 14 करोड़ का हिसाब कहाँ?

बीजेपी सांसद ने सवाल उठाया कि अगर पीके को 14 करोड़ का चंदा मिला, तो फिर जनसुराज के खाते में सिर्फ 2 करोड़ 42 लाख रुपए ही क्यों दिखाए गए? और खर्चा सिर्फ 35 हजार कैसे? उन्होंने तंज कसते हुए कहा- “2023-24 में जनसुराज की 200 गाड़ियां चल रही थीं, फाइव स्टार टेंट और खाने-पीने की व्यवस्था थी। हर जिले में 10 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे। क्या यह सब 35 हजार में हुआ?”

EC रिपोर्ट पर भी उठाए सवाल

जायसवाल ने यह भी आरोप लगाया कि जनसुराज पार्टी की उत्पत्ति को लेकर भी गड़बड़ी हुई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर 17 सितंबर 2024 तक पार्टी का अध्यक्ष सरत कुमार मिश्रा था, लेकिन सिर्फ 15 दिन बाद अचानक उदय सिंह को अध्यक्ष बना दिया गया। उन्होंने इसे “नाजायज उत्पत्ति” करार दिया।

आंध्र के सांसद पर भी घोटाले के आरोप

सिर्फ पीके ही नहीं, बल्कि बीजेपी सांसद ने चंदा देने वाले सांसद अयोध्या रामी रेड्डी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि रेड्डी पर पहले से वित्तीय घोटालों के कई केस दर्ज हैं। जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा- गुरु अगर गुड़ है तो चेला चीनी बनेगा ही।

चुनावी मौसम में सियासी संग्राम

बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज है और ऐसे में यह विवाद और आरोप-प्रत्यारोप का दौर सियासी पारा और बढ़ा रहा है। अब देखना होगा कि पीके इन आरोपों का क्या जवाब देते हैं।