Bihar Politics: उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा की आभार प्रगतिकरण यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भ्रष्टाचार व अपराध पर सख्ती का दोहराया संकल्प

 

Bihar political news: बिहार विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद एनडीए शिविर में उत्साह चरम पर है। इसी माहौल के बीच उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से लगातार चौथी बार विजयी हुए विजय कुमार सिन्हा अपने क्षेत्र में आभार प्रगतिकरण यात्रा पर निकले। पटना से लखीसराय तक के मार्ग में उनका स्वागत किसी विजेता के गौरव जुलूस जैसा दिखा—कहीं ढोल-नगाड़ों की थाप, तो कहीं फूल-मालाओं की बारिश।

भव्य स्वागत, सड़कें हुईं ‘विजयमय’

जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग उत्साह से भरकर उपमुख्यमंत्री का अभिवादन कर रहे थे। स्वागत का ये सिलसिला इतना लंबा था कि काफिला कई बार थम कर लोगों का आभार जताता रहा। हाथीदह से निकलते हुए बाइक और कारों की विशाल रैली ने पूरे मार्ग को उत्सव स्थल में बदल दिया।

“भ्रष्टाचारियों पर नहीं होगी कोई ढिलाई” – विजय सिन्हा

जनता को संबोधित करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में कानून-व्यवस्था और शुचिता सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा—
“अपराधियों, माफियाओं और भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की पैनी नजर हर गतिविधि पर है और कार्रवाई लगातार जारी है।”

दो दिवसीय लखीसराय प्रवास

उपमुख्यमंत्री दो दिनों तक लखीसराय, रामगढ़ और हलसी में रोड शो करेंगे। यह यात्रा उनके विधानसभा क्षेत्र के प्रति आभार और जनता के प्रति विश्वास का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का उत्साह इस बात का संकेत था कि अपने नेता के स्वागत के लिए वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।

चौथी बार की जीत, बड़ी बढ़त

विजय सिन्हा ने इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश कुमार को 24,940 वोटों के अंतर से पराजित किया। शपथ ग्रहण के बाद पहली बार गृह क्षेत्र पहुंचने पर जिस उत्साह के साथ जनता सामने आई, उसने उनकी लोकप्रियता की झलक साफ दिखा दी।