Bihar Vidhansabha Session:
शपथ ग्रहण के पहले दिन सदन में दिखा दिलचस्प नजारा, प्रोटेम स्पीकर की ‘सुधार’ के लिए खड़े हुए मंत्री विजय चौधरी

 

Bihar News: बिहार विधानसभा के 18वें सत्र की शुरुआत सोमवार को नए राजनीतिक माहौल के बीच हुई। सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा पोर्टिको में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा सहित तमाम मंत्रियों का औपचारिक स्वागत किया गया। विपक्ष की ओर से भी तेजस्वी यादव का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। पहले दिन नव-निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाने की प्रक्रिया चली, जिसकी जिम्मेदारी राज्यपाल द्वारा नियुक्त प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव निभा रहे हैं।

प्रोटेम स्पीकर की टिप्पणी पर उठे मंत्री विजय चौधरी

सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। सामान्यतः 1 से 2 बजे तक लंच ब्रेक रहता है, लेकिन शपथ ग्रहण प्रक्रिया को बिना बाधा जारी रखने पर सरकार की ओर से प्रस्ताव आया। मंत्री विजय चौधरी ने सुझाव दिया कि अगर सभी सदस्य सहमत हों, तो लंच ब्रेक के बजाय कार्यवाही लगातार चलाई जाए, ताकि सभी विधायकों का शपथ ग्रहण एक ही क्रम में पूरा हो सके।

प्रोटेम स्पीकर ने यह मुद्दा सदन के सामने रखा और सभी दलों के सदस्यों ने सहमति जताई।

प्रोटेम स्पीकर का बयान सुधरवाया गया

इसके बाद प्रोटेम स्पीकर ने घोषणा की कि सदन दो बजे तक चलेगा। इसी बीच आसन के सामने मौजूद अधिकारियों ने उन्हें संकेत किया कि घोषणा में सुधार की जरूरत है। तभी मंत्री अशोक चौधरी भी खड़े हुए और स्पष्ट किया कि सदन की कार्यवाही समय सीमा के आधार पर नहीं, बल्कि सभी विधायकों के शपथ समाप्त होने तक चलनी चाहिए।

इसके बाद प्रोटेम स्पीकर ने अपनी घोषणा को सुधारते हुए कहा कि, “सदन की कार्यवाही तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी सदस्य शपथ ग्रहण नहीं कर लेते।”

पहले दिन शपथ के लिए विस्तारित हुई कार्यवाही

सरकार और विपक्ष दोनों की सहमति के बाद पहला दिन पूरी तरह शपथ ग्रहण प्रक्रिया को समर्पित रहा। नए सत्र की शुरुआत में ही सदन में सहयोगात्मक माहौल देखने को मिला, और सभी विधायकों के शपथ ग्रहण तक कार्यवाही जारी रखने का निर्णय लागू कर दिया गया।