उपचुनाव नहीं लड़ेंगी बीमा भारती, पति अवधेश मंडल निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव,  I.N.D.I.A से CPI के खाते में सीट

 

पूर्णिया के रुपौली विधानसभा सीट के लिए 10 जुलाई को उपचुनाव होना है। इस बीच लोकसभा में मिली हार के बाद पूर्व विधायक बीमा भारती ने उपचुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उनकी जगह इस बार उनके पति अवधेश मंडल रुपौली विधानसभा से दावेदारी पेश करेंगे। वो बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरेंगे। अवधेश मंडल का मुकाबला महागठबंधन से CPI के विकास चंद्र मंडल से हो सकता है।

बीमा भारती रुपौली विधानसभा सीट से 5 बार की विधायक रह चुकी हैं। उनके इस ऐलान के बाद उनके चुनाव लड़ने की सारी अटकलों पर विराम लग गया है। बीमा भारती के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हो गई थी।

बीमा भारती सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जदयू छोड़कर राजद में शामिल हुईं और पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ा। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें मात्र 27,120 वोट मिले। पप्पू यादव ने बीमा भारती को 5 लाख 40 हजार 436 वोट से हराया है।

रुपौली विधानसभा सीट के लिए 10 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए 14 जून से नॉमिनेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 21 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। जबकि 24 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 26 जून तक नाम वापस लिए जाएंगे। वहीं, 10 जुलाई को वोट डाले जाएंगे और 13 जुलाई को काउंटिंग होगी।


पूर्व मंत्री रहीं बीमा भारती के पति अवधेश मंडल का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। जेडीयू ने अवधेश मंडल के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उनकी पत्नी बीमा भारती को पहली बार 2010 में टिकट दिया था। तब से लेकर अब तक बीमा भारती तीन बार चुनाव जीत चुकी हैं। नीतीश कैबिनेट में वह मंत्री भी रह चुकी हैं।