होली के रंग में सियासी संगम: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पटना दौरा, कार्यकर्ताओं में जोश
बेली रोड पर भव्य होली मिलन
पटना के बेली रोड स्थित चटकारा फूड कोर्ट में दोपहर 12:30 बजे भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिंहा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह महज होली की औपचारिकता नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। रंग-गुलाल के बीच राजनीतिक संवाद, कार्यकर्ताओं से सीधी बातचीत और आगामी योजनाओं पर मंथन भी होगा।
मंडल स्तर तक सक्रियता
पटना साहिब, कुम्हरार, बांकीपुर और दीघा विधानसभा क्षेत्रों के मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। भाजपा पटना महानगर इकाई ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।
दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और भाजपा जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं की कमान संभाल रहे हैं। सुरक्षा, स्वागत, मंच संचालन और समन्वय के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं।
5 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। लेकिन इन दो दिनों में पटना की फिजा होली के रंग और सियासी संदेश, दोनों से सराबोर रहने वाली है।