दिल्ली में एनडीए की बड़ी बैठक आज, बिहार सीट बंटवारे पर बनेगा फॉर्मूलाअमित शाह और नड्डा भी रहेंगे मौजूद
Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने आज दिल्ली में अपनी सबसे अहम रणनीतिक बैठक बुलाई है। यह बैठक सुबह 11 बजे भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर शुरू होगी, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और अन्य सहयोगी दलों के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान पहले से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और बैठक में शामिल होने के लिए पूरी तैयारी में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों की अंतिम सूची को लेकर सहमति बनाना है। लंबे समय से चली आ रही सीट बंटवारे की खींचतान को खत्म करने के लिए यह बैठक निर्णायक मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि बिहार बीजेपी के शीर्ष नेता भी बैठक में मौजूद रहेंगे और उम्मीदवारों के नामों पर केंद्रीय चुनाव समिति को अंतिम राय दी जाएगी।
लोजपा की अलग बैठक भी आज, उम्मीदवारों पर होगा अंतिम फैसला
इसी दिन चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का केंद्रीय संसदीय बोर्ड भी दिल्ली में बैठक करने वाला है। इस बैठक में सभी सांसद और बोर्ड के सदस्य मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि लोजपा की बैठक में उन सीटों पर मंथन होगा जहां से पार्टी अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, आज की ये दोहरी बैठक एनडीए की चुनावी रणनीति का “टर्निंग पॉइंट” साबित हो सकती है। सीटों का फॉर्मूला तय होते ही बिहार में भाजपा-जदयू और सहयोगी दलों की साझा चुनावी ताकत का रोडमैप साफ हो जाएगा।