बीजेपी को जल्द मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष! 7 दिन में दूसरी बार बिहार पहुंचे नितिन नवीन, तारीख को लेकर तेज हुई सियासी हलचल

 

Bihar politics: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन एक बार फिर बिहार की राजनीति के केंद्र में हैं। तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार देर रात जैसे ही वे पटना एयरपोर्ट पहुंचे, पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ नजर आया। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका दूसरा बिहार दौरा है, जिसने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

इससे पहले 23 दिसंबर को अपने पहले दौरे में नितिन नवीन ने पटना एयरपोर्ट से मिलर स्कूल तक भव्य रोड शो किया था। उस दौरान फूलों की बारिश, हाथी-घोड़े और भारी भीड़ के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया था। उसी दौरे में देर रात तक सांसदों, विधायकों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठकें भी हुई थीं, जिनमें संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर मंथन हुआ था।

अब महज सात दिनों के भीतर उनका दूसरा पटना आगमन कई संकेत दे रहा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो नितिन नवीन का नाम भाजपा के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर लगभग तय माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है और 20 जनवरी तक नए अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा संभव है।

बताया जा रहा है कि देश के 29 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे हो चुके हैं और इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी उनके पक्ष में नामांकन करेंगे। सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि उनके नामांकन पत्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के हस्ताक्षर होने की संभावना है।

यदि 45 वर्षीय नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं, तो वे इस पद तक पहुंचने वाले सबसे युवा नेता होंगे। उनका कार्यकाल जनवरी 2026 से जनवरी 2029 तक प्रस्तावित है, हालांकि 2029 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए इसे आगे बढ़ाए जाने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

पटना दौरे के दौरान नितिन नवीन की गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार से लेकर दिल्ली तक भाजपा की बड़ी सियासी तस्वीर जल्द साफ हो सकती है।