बांकीपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, राम कृपाल यादव बोले- स्वस्थ जीवन का आधार है स्वच्छता
स्वच्छ भारत और स्वस्थ समाज के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता की अध्यक्षता में गांधी मैदान के दक्षिणी छोर पर स्थित नेताजी सुभाष पार्क में आयोजित इस अभियान में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव भी शामिल हुए। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्क की साफ-सफाई के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की धुलाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के नेताजी सुभाष पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर पार्क की सफाई की और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की धुलाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से आज पूरे देश में जागरूकता आई है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लंबे समय तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है और उन्हीं की प्रेरणा से यहां स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, भाजपा पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान सराहनीय और उत्साहवर्धक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गंगा पर बने पुलों का नामकरण महात्मा गांधी, राजेंद्र प्रसाद और जयप्रकाश नारायण जैसी महान विभूतियों के नाम पर किया गया है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी नीतीश सेतु के माध्यम से सम्मान दिया जाएगा।
स्वच्छता अभियान में मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, प्रभारी सुनील भारती टिंकू, अजीत लाली, संजय मेयर, राजेश श्रीवास्तव, विमल कश्यप, सूरज, बांकीपुर उपचुनाव के उपविजेता नीरज सिन्हा, रीता जैन, पिंकी यादव, धर्मशीला शर्मा, शैलेन्द्र यादव, संतोष यादव, संजीव सन्नी समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को जन-अभियान बनाने और अपने आसपास के परिवेश को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया।