आरा में भाजपा-एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, अनुराग ठाकुर पर JCB से हुई फूलों की बारिश, बोले- इंडी गठबंधन के पास कोई नीति है, न ही इनकी नीयत ठीक है
आरा: भोजपुर के आरा में आज भाजपा और एनडीए की ओर से राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ शहर में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इससे पहले ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में जनसभा का आयोजन किया गया है। इसमें हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने आरा पहुंचे सांसद अनुराग ठाकुर का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान जेसीबी के जरिए उन पर फूलों की बारिश की गई। स्वागत समारोह में बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह टाइगर समेत भाजपा और एनडीए के कई नेता मौजूद रहे।
भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं शाहाबाद क्षेत्रीय प्रभारी प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं। विपक्ष के इस रवैये को लेकर भोजपुर सहित पूरे शाहाबाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जनसभा और पदयात्रा के जरिए एनडीए कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष को जवाब देंगे।
वहीं, भाजपा जिला प्रभारी राजेश सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जिले के गांवों और पंचायतों तक कार्यकर्ताओं से संपर्क किया गया है। एनडीए के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता इस आयोजन में शामिल होंगे।
इससे पहले अनुराग ठाकुर सुबह करीब 10 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। आरा रवाना होने से पहले उन्होंने विपक्ष और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने कभी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया और पार्टी ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करके दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि इंडी गठबंधन पूरी तरह बिखर चुका है। गठबंधन के पास न कोई स्पष्ट नीति है और न ही उसकी नीयत ठीक है।
महिला अधिकारों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए अनुराग ठाकुर ने सवाल किया कि इंडी गठबंधन को बताना चाहिए कि वह महिलाओं के हक के खिलाफ क्यों खड़ा है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारत से उम्मीद लगाए बैठी है, लेकिन राहुल गांधी ही ऐसे हैं जिन्हें भारत से उम्मीद नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और देश, दोनों को राहुल गांधी से कोई उम्मीद नहीं है।