पटना में दिखेगी भाजपा की ताक़त: राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनते ही नितिन नवीन का भव्य रोड शो, शहर भगवाम

 

Bihar political news: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद बांकीपुर विधायक नितिन नवीन पहली बार दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंच रहे हैं। पार्टी इस आगमन को संगठनात्मक शक्ति और जनसमर्थन के बड़े प्रदर्शन के रूप में पेश करने की तैयारी में है। राजधानी में उनके स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

सोमवार को दोपहर 12:30 बजे पटना एयरपोर्ट से नितिन नवीन का भव्य रोड शो शुरू होगा। करीब छह किलोमीटर लंबा यह काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचेगा, जहां लगभग दो बजे अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, यह रोड शो सिर्फ एक स्वागत यात्रा नहीं, बल्कि संगठन की एकजुटता और ताकत का प्रतीक होगा।

रोड शो में ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों, हाथी-घोड़ों और बड़ी संख्या में बाइक सवार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहेगी। रास्ते भर जगह-जगह फूलों की वर्षा और स्वागत मंच बनाए गए हैं। शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों को होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों से सजाया गया है, जिससे पूरा पटना भगवामय नजर आएगा।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद काफिला शेखपुरा मोड़ होते हुए राजवंशी नगर स्थित महावीर मंदिर पहुंचेगा, जहां नितिन नवीन पंचमुखी हनुमान जी की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे पटना हाईकोर्ट के समीप डॉ. भीमराव अंबेडकर और आयकर गोलंबर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। इसे भाजपा नेतृत्व आस्था, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान का संदेश मान रहा है।

मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में भाजपा के सांसद, विधायक, संगठन पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बिहार की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती झांकियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व महज पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है, और पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी।

लगातार पांचवीं बार विधायक चुने गए नितिन नवीन को मिली यह जिम्मेदारी बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और नई ऊर्जा का स्रोत मानी जा रही है। पार्टी का मानना है कि उनका यह दौरा संगठन को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।