BJP का सख्त संदेश: ‘दागी और फर्जी कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी के दरवाजे बंद’, बंगाल में अकेले दम पर लड़ेगी चुनाव
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जो लोग पहले भ्रष्टाचार, हिंसा या आम जनता पर अत्याचार में शामिल रहे हैं, उनके लिए भाजपा के दरवाजे पूरी तरह बंद हैं। पार्टी अपने सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से कोई समझौता नहीं करेगी।
प्रवक्ता ने यह भी खुलासा किया कि कुछ असामाजिक तत्व और नशे के कारोबार से जुड़े लोग भाजपा का नाम और झंडा इस्तेमाल कर खुद को कार्यकर्ता बताने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ऐसी गतिविधियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पार्टी का इन लोगों से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही यह भी बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के निर्देश पर फिलहाल पार्टी में नई सदस्यता (इंडक्शन) पर रोक लगा दी गई है।
आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने साफ रणनीति भी सामने रखी। पार्टी का कहना है कि वह जनता के बीच सीधे जाकर अपने संगठन के दम पर चुनाव लड़ेगी। वर्षों तक जनता की संपत्ति लूटने वाले लोग सिर्फ भाजपा का झंडा उठाकर “पवित्र” नहीं हो सकते।
वहीं, मौजूदा हालात में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए पार्टी ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्यकर्ताओं से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के आंतरिक विवादों का ठीकरा जानबूझकर भाजपा पर फोड़ा जा रहा है और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा गया कि हाल ही में निवर्तमान मुख्यमंत्री के बयान उनकी हार स्वीकार न कर पाने की हताशा को दर्शाते हैं। भाजपा ने दोहराया कि वह संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ पश्चिम बंगाल की जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।