अनंत सिंह की बेटी की शादी में बृज भूषण सिंह जाएंगे, बोले- बिरादरी के हैं, प्रेम से याद किए हैं 

बीजेपी के पूर्व सांसद और बाहुबली बृजभूषण शरण सिंह ने मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने की बात कही।
 

बीजेपी के पूर्व सांसद और बाहुबली बृजभूषण शरण सिंह ने मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने की बात कही। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह ने प्रेम से मुझको याद किया है, हमारी बिरादरी से है। हम उनकी बेटी की शादी में जाएंगे। आपको बता दें अनंत सिंह भूमिहार हैं, बृजभूषण सिंह राजपूत हैं। लेकिन दोनों बाहुबली बिरादरी से हैं। आपको बता दें विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शादी में कई नामी हस्तियों और वीवीआईपी मेहमानों को बुलावा दिया गया है।

शादी के कार्ड में हल्दी, मेहंदी, संगीत और तिलक समेत सभी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई है। शिवांगी 25 नवंबर 2026 को ऋषिकेश के साथ सात फेरे लेंगी। शादी का आयोजन अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां में होगा। समारोह की शुरुआत 20 नवंबर, शुक्रवार को शुभ फलदान और तिलक के कार्यक्रम से होगी। इसके बाद 23 नवंबर, सोमवार को हल्दी की रस्म होगी। वहीं, 24 नवंबर, मंगलवार को मेहंदी और संगीत का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों के शामिल होने की उम्मीद है। 25 नवंबर, बुधवार को विवाह समारोह आयोजित होगा।

अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं। शादी में मेहमानों के स्वागत से लेकर सजावट तक विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सजावट के लिए विदेश से खास फूल मंगवाए जा रहे हैं। वहीं, मेहमानों के ठहरने और समारोह के आयोजन के लिए कई बीघे जमीन पर बड़े-बड़े पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल शादी में कई खास मेहमानों के पहुंचने की संभावना है।