जेल जा सकते हैं चंपत राय, विनय कटियार का दावा, पीएम मोदी से आधी रात हुई बात
Political news: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में अयोध्या के पूर्व भाजपा सांसद विनय कटियार ने कहा कि आने वाले समय में चंपत राय को भी जेल जाना पड़ सकता है। विनय कटियार ने दावा किया कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंदिर के मामले पर बात हो रही है। आधी रात करीब डेढ़ बजे पीएम मोदी ने उनसे बात की और पूछा कि क्या होगा। विनय कटियार ने कहा कि यह साफ हो चुका है कि वहां पर गबन हुआ है। अभी तक हुई जांच में चोरी का खुलासा हो चुका है। विनय कटियार ने अनिल मिश्रा और विनोद राव को भी पूरी तरह दोषी बताया और चंपत राय के साथ ही इन दोनों के भी जेल जाने की आशंका जताई। विनय कटियार को राम मंदिर आंदोलन का सबसे बड़ा हीरो कहा जाता है।
दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए विनय कटियार ने कहा कि राम मंदिर चोरी के मामले में वह लगातार पीएम मोदी के संपर्क में हैं। पीएम मोदी ने रात करीब डेढ़-दो बजे उनसे बात की और पूछा कि अब क्या-क्या होगा। इस पर विनय कटियार ने कहा कि सब ठीक हो जाएगा, कुछ तो है नहीं। विनय कटियार ने कहा कि हम जब यहां (दिल्ली) आ गए तो देखा कि यहां चंपत राय, अनिल मिश्रा, विनोद राव सब लोग हैं। चंपत राय प्रचारक हैं। अगर उन्हें यहां आना था तो हमसे चर्चा कर लेते। विनय कटियार ने कहा कि राम मंदिर के लिए हम लोगों ने बलिदान दिया है। कितने लोगों ने जान दे दी है। कहा कि पैसे का गबन हुआ है और जबरदस्त हुआ है। चोरी के कारण श्रद्धालुओं की आस्था चोटिल हुई है। चंपत राय, अनिल मिश्रा और विनोद राव का नाम लेते हुए कहा कि अभी किसी कारण से यह लोग बच गए हैं। आगे इन्हें भी जेल जाना पड़ सकता है।
चंपत राय को लेकर विनय कटियार ने कहा कि कुछ समय पहले वह मेरे घर के पीछे रहने आए थे। मैंने तब उनसे कहा था कि यहां कहां रहने चले आए हो। कारसेवकपुरम जाओ। अगर कुछ करना है तो मेरे घर पर चले आओ। उन्हें मेरी बात समझ में नहीं आई। तब मैंने कहा था कि लगता है कि आपका भाग्य ठीक नहीं है। विनय कटियार के अनुसार पीएम मोदी भी लगातार राम मंदिर के मामले पर नजरें लगाए हुए हैं। कटियार ने कहा कि गोपाल राव सबसे बेकार आदमी हैं। पता नहीं किसने उनको यहां भेजा है। हम एक दिन मंदिर चले गए तो गोपाल राव ने कहा कि आप किसकी अनुमति से यहां आए हैं। इस पर हम घर चले गए। एक घंटे बाद फोन कर उनसे कहा कि तुम यहां नहीं रहने वाले हो। जल्द दक्षिण चले जाओगे।
विनय कटियार ने अनिल मिश्रा को लेकर कहा कि वह सीधे आदमी हैं। वह चक्कर में फंस गए हैं। हम जब लखनऊ से दिल्ली आए तो उन्हें फोन किया था। उस समय वह आंख का इलाज कराने दक्षिण गए हुए थे। उनसे कहा कि आप मेरे पास आ जाओ, आपको कुछ नहीं कहना है लेकिन वह भी फंस गए हैं। विनय कटियार की बातों से साफ है कि पीएम मोदी की भी पूरे मामले पर नजरें हैं। ऐसे में एसआईटी की जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद कोई बड़ा ऐक्शन हो सकता है। विनय कटियार ही नहीं राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे तमाम नेता भी श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट और इसके महासचिव चंपत राय पर निशाना साध रहे हैं। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने भी पिछले दिनों मंदिर में चोरी को लेकर बेहद सख्त बयान दिया था। उन्होंने यहां तक कहा था कि चोरी नहीं डाका डाला गया है।
दरअसल, चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद नृपेंद्र मिश्रा भी अचानक राम मंदिर पहुंचे थे और पूरे मामले की जानकारी ली थी। तब एसआईटी का भी गठन नहीं हुआ था। माना जा रहा कि दिल्ली के निर्देश पर वह यहां आए थे। इसी के बाद कई मीडिया चैनलों को साक्षात्कार देते हुए ट्रस्ट समेत राम मंदिर की व्यवस्थाओं पर नृपेंद्र मिश्रा ने सवाल खड़े किए थे।