वोटिंग के बीच मोकामा में बवाल, नीरज-अनंत के समर्थक भिड़े, 6 हिरासत में
मोकामा में बिहार MLC चुनाव के बीच नीरज कुमार और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच भिड़ंत की खबर है. मौके पर पहुंचे डीएसपी ने भीड़ को वहां से खदेड़ा. पुलिस ने करीब 5-6 लोगों को हिरासत में लिया है. डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सभी लोगों को वहां से हटाया.
चुनाव के लिए कुल 3,732 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है. प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार मतदान कर्मी कार्यरत हैं. इसके अलावा 933 सेक्शन ऑफिसर, 467 जोनल ऑफिसर और 311 सुपर जोनल ऑफिसर चुनाव प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं. दरभंगा, कोसी, पटना और तिरहुत प्रमंडलों के विभिन्न जिलों में मतदान हो रहा है. दरभंगा प्रमंडल के बेगूसराय, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में, कोसी प्रमंडल के अररिया, बांका, भागलपुर, जमुई, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा, शेखपुरा और सुपौल में मतदान की व्यवस्था है. वहीं, पटना प्रमंडल के पटना, नालंदा और नवादा तथा तिरहुत प्रमंडल के मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली में भी मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं.
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है. चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं. चुनाव में करीब 5 लाख 32 हजार मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. निर्वाचन आयोग के राज्य मुख्यालय में चुनाव की मॉनिटरिंग की जा रही है. पूरे बिहार में मतदान के लिए 933 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 598 स्नातक और 335 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र शामिल हैं.