छठ महापर्व आस्था, तप, त्याग और आत्मानुशासन का अद्वितीय संगम : डॉ. प्रेम कुमार
बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों, देशवासियों एवं विश्वभर में बसे बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपरा और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। भगवान सूर्य की उपासना को समर्पित यह महापर्व आस्था, साधना, तप, त्याग और आत्मानुशासन का अद्वितीय संगम है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान का शुभारंभ नहाय-खाय से होता है। इसके पश्चात खरना और निर्जला व्रत के माध्यम से व्रती अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर लोकमंगल की कामना करते हैं। इस महापर्व का सबसे बड़ा संदेश है कि हम अस्ताचलगामी सूर्य को भी उतनी ही श्रद्धा से प्रणाम करते हैं, जितनी श्रद्धा से उदीयमान सूर्य का अभिनंदन करते हैं। यह परंपरा हमें सिखाती है कि जीवन में सफलता के साथ संघर्ष, उतार-चढ़ाव और प्रत्येक अवस्था का सम्मान करना चाहिए।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि छठ महापर्व मन की पवित्रता, आत्मिक शुद्धि तथा स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ जीवन में आस्था, संयम और समर्पण का संदेश भी देती है।
उन्होंने कामना की कि बिहार की प्राचीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ा यह पावन महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे तथा समाज में सद्भाव, एकता और लोककल्याण की भावना को और सुदृढ़ बनाए।