नववर्ष पर सीएम नीतीश से मिले छोटू सिंह, विकास–सुशासन की उपलब्धियों की खुलकर की सराहना

 

Bihar news: वर्ष 2026 के शुभारंभ पर नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार उर्फ छोटू सिंह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास को लेकर उनके नेतृत्व की प्रशंसा की।

जदयू के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले छोटू सिंह ने बातचीत के दौरान कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में जो बदलाव देखने को मिला है, वह ऐतिहासिक है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, स्कूलों का आधुनिकीकरण, छात्राओं के लिए साइकिल और पोशाक योजना तथा शिक्षकों की बहाली से शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा आई है।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण को नीतीश सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। 35 प्रतिशत महिला आरक्षण, जीविका जैसी योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों के जरिए लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। छोटू सिंह ने कहा कि शराबबंदी जैसे कठिन लेकिन साहसिक फैसले ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाया है और परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।

छोटू सिंह ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में सड़क, पुल, बिजली, पेयजल और शहरी-ग्रामीण बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक सुविधाओं का विस्तार किया गया, जिससे आम लोगों को बेहतर इलाज मिल रहा है। साथ ही कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को भी सरकार की बड़ी उपलब्धियों में गिना जा सकता है।

उन्होंने वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन के नाम पर नीतीश कुमार को स्पष्ट जनसमर्थन दिया है। यह जनता के भरोसे और उनके कार्यों की स्वीकृति का प्रमाण है।

मुलाकात के दौरान छोटू सिंह ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और राज्य प्रगति के पथ पर लगातार आगे बढ़ता रहेगा।