भाजपा की ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दीप प्रज्वलित कर किया उद्घटान

भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज ज्ञान भवन, गांधी मैदान में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ भव्य रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
 

पटना: भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज ज्ञान भवन, गांधी मैदान में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ भव्य रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया।

 इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उनकी 25 प्रमुख उपलब्धियों को 76 फीट की भव्य रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के भाव को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

कार्यक्रम में पहुंचने पर बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा और प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

 मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भव्य रंगोली का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया और कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना की। रंगोली के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव, राष्ट्र निर्माण के प्रयासों और उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। यहां मधुबनी पेंटिंग, हस्तशिल्प, हस्तकला और स्थानीय कारीगरी से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन किया गया था। उन्होंने कलाकारों और स्टॉल लगाने वाले प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। इस पहल ने स्थानीय कला, पारंपरिक शिल्प और कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम की संयोजक भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान तथा सह संयोजक स्वाति सिन्हा और आनंद पाठक थे। 

कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव और नीतीश मिश्रा, मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, विधायक संजय गुप्ता, पटना की मेयर सीता साहू, प्रदेश महामंत्री राजेश झा, प्रीति शेखर और सरोज रंजन पटेल, प्रदेश मंत्री सरला रजक, पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।