सड़क, ड्रेनेज और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज करेंगे कई योजनाओं का शुभारंभ
Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर में नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बुडको) और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे. इस कार्यक्रम को राज्य के शहरी विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत लगभग 1,046 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य के शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, जलनिकासी, स्मार्ट सिटी सुविधाओं और अन्य आधारभूत ढांचे का विस्तार करना है, जिससे नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकें.
इसके साथ ही नगर विकास एवं आवास विभाग बिहार में नियोजित और आधुनिक शहरीकरण को बढ़ावा देने के लिए लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर भी काम कर रहा है. सरकार का दावा है कि ये टाउनशिप भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से लैस होंगी और राज्य में संतुलित शहरी विकास को नई गति देंगी.
सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहरों में बेहतर सड़क नेटवर्क, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, स्मार्ट शहरी सुविधाएं और मजबूत आधारभूत संरचना विकसित होगी. इससे लोगों को सुगम आवागमन, जलजमाव जैसी समस्याओं से राहत और बेहतर जीवन स्तर का लाभ मिलेगा.
राज्य सरकार का कहना है कि यह पहल 'विकसित भारत–समृद्ध बिहार' के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरों के निर्माण के माध्यम से बिहार में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.